सैंनवाला स्कूल में एसएमसी का गठन, शशि पाल बने अध्यक्ष
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैंनवाला में आयोजित आमसभा में सर्वसम्मति से नई स्कूल प्रबंधन समिति का गठन किया गया, जिसमें शशि पाल को अध्यक्ष तथा प्रदीप कुमार को उपाध्यक्ष चुना गया। बैठक के दौरान छात्र परिषद का भी गठन किया गया, जिसमें गौरव को हेड बॉय और अक्षरा को हेड गर्ल चुना गया। नवनिर्वाचित समिति ने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
नाहन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैंनवाला में शनिवार को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन के लिए आयोजित आमसभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में शशि पाल को एसएमसी का अध्यक्ष तथा प्रदीप कुमार को उपाध्यक्ष चुना गया।एसएमसी में परमीत, पूजा, वर्षा, प्रदीप, सीमा देवी, सोनी, सरिता, महेश कुमार, हेमलता, अर्चना शर्मा, मीना, चंचल देवी, श्याम शर्मा तथा प्रमिला देवी को सदस्य चुना गया। इसके साथ ही एसएमसी के अंतर्गत शैक्षणिक समिति एवं भवन समिति का भी गठन किया गया। विभागीय निर्देशों के अनुसार पंचायत प्रधान सुशीला देवी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मोनिका को नामित सदस्य के रूप में समिति में शामिल किया गया।
बैठक के दौरान विद्यालय की छात्र परिषद का भी गठन किया गया। कक्षा जमा दो के छात्र गौरव को हेड बॉय तथा छात्रा अक्षरा को हेड गर्ल चुना गया।
नवनिर्वाचित एसएमसी अध्यक्ष शशि पाल ने कहा कि समिति विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विद्यालय के विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने अभिभावकों एवं सदस्यों द्वारा जताए गए विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अयूब खान ने नवनिर्वाचित एसएमसी एवं छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय के विकास में अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समिति की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई समिति के सहयोग से विद्यालय में शिक्षा, अनुशासन और आधारभूत सुविधाओं के विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।