Loading...

शादी में शामिल होने आए व्यक्ति की अचानक मौत, क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी लगातार तीसरी घटना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

उपमंडल संगड़ाह में एक सप्ताह के भीतर स्वस्थ दिखाई देने वाले तीन लोगों की अचानक मौत से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ताजा मामले में विवाह समारोह में शामिल होने आए 54 वर्षीय लच्छी राम की छाती में दर्द उठने के बाद मौत हो गई। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

संगड़ाह

उपमंडल संगड़ाह में एक सप्ताह के भीतर स्वस्थ दिखाई देने वाले तीन लोगों की अचानक मौत से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ताजा मामले में ददाहू तहसील के कोटला-मोलर गांव निवासी 54 वर्षीय लच्छी राम की छाती में दर्द उठने के बाद मौत हो गई।जानकारी के अनुसार लच्छी राम अपने रिश्तेदार के घर गांव राणफुआ में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। सोमवार देर रात करीब सवा एक बजे उन्हें अचानक छाती में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल संगड़ाह ले गए। अस्पताल पहुंचने के कुछ ही समय बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार लच्छी राम पहले किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त नहीं थे। अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है। उनके पीछे दो बच्चे हैं। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।गौरतलब है कि 17 जून को संगड़ाह अस्पताल परिसर के समीप रहने वाले जय प्रकाश की बाथरूम में नहाते समय तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी।

वहीं 21 जून को पुलिस थाना संगड़ाह में कार्यरत होमगार्ड जवान सतपाल पवार को अचानक दौरा पड़ने पर अस्पताल लाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों के अनुसार सतपाल पवार को पूर्व में पक्षाघात का दौरा पड़ चुका था।ड्यूटी पर तैनात डॉ. तमन्ना शर्मा ने बताया कि सोमवार रात अस्पताल लाए गए लच्छी राम की मृत्यु संभवतः मस्तिष्काघात अथवा हृदय गति रुकने के कारण हुई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र के लोगों को चिंतित कर दिया है।

Related Topics: