Loading...

सीबीआई के खुलासों से कांग्रेस सरकार पर उठे सवाल, जवाब दे सरकार : संजीव कटवाल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

विमल नेगी प्रकरण को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जांच एजेंसी के समक्ष आए तथ्यों को प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा विषय बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। कटवाल ने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने लाई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

शिमला

विमल नेगी प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि हाल ही में सामने आए तथ्यों और जांच एजेंसी द्वारा अदालत में प्रस्तुत दस्तावेजों ने प्रदेश की प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

दीपकमल चक्कर में आयोजित भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए संजीव कटवाल ने कहा कि फर्जी कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी करने, दस्तावेजों में कथित हेरफेर, नियमों को दरकिनार कर निर्णय लेने तथा अधिकारियों पर दबाव बनाए जाने जैसी बातें अत्यंत गंभीर हैं। यदि जांच में ऐसे तथ्य सामने आ रहे हैं तो यह केवल एक प्रशासनिक मामला नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा विषय है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर किन परिस्थितियों में निर्णय लिए गए और यदि किसी अधिकारी की आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया तो इसके लिए जिम्मेदार कौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को इन सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए और यह बताना चाहिए कि समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।कटवाल ने कहा कि विमल नेगी प्रकरण केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे प्रशासनिक ढांचे और संस्थागत प्रक्रियाओं से जुड़ा मामला बन चुका है। यदि किसी अधिकारी को मानसिक दबाव में कार्य करना पड़ा और उसकी चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया गया तो यह चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करती रही है और अब भी पार्टी की यही मांग है कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर वास्तविक तथ्यों को जनता के सामने लाया जाए। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता को सच्चाई जानने का पूरा अधिकार है और भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को लोकतांत्रिक मंचों पर मजबूती से उठाती रहेगी।बैठक में विधायक बलबीर वर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, केशव चौहान, गणेश दत्त, कर्ण नंदा, संजय ठाकुर, रवि मेहता, प्रेम ठाकुर, संजीव देशटा, सुदीप महाजन, शिवानी ठाकुर, सुशील चौहान, किशोर, पारुल, राहुल, रीना जितेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Topics: