शाहपुर में एफसीआई स्टील साइलो खोलने की मांग, चिराग पासवान से मिले विधायक केवल सिंह पठानिया
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय खाद्य निगम का आधुनिक स्टील साइलो खोलने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि गेहूं और चावल के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित भंडारण के लिए यह सुविधा किसानों और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए लाभकारी होगी।
धर्मशाला
दिल्ली दौरे पर गए विधायक केवल सिंह पठानिया ने केंद्रीय मंत्री को सौंपे पत्र में कहा कि शाहपुर में आधुनिक वैज्ञानिक भंडारण सुविधा स्थापित होने से कृषि उपज को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। स्टील साइलो के माध्यम से अनाज का बेहतर भंडारण सुनिश्चित किया जा सकेगा और फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने में भी सहायता मिलेगी। इससे क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
पठानिया ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम ने पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्यों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत अत्याधुनिक स्टील साइलो स्थापित किए हैं। उन्होंने इसी तर्ज पर शाहपुर में भी गेहूं और चावल के भंडारण के लिए यह सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की। उनके अनुसार, क्षेत्र के कृषि उत्पादों के भंडारण और प्रसंस्करण की व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम होगा।
विधायक ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि हिमाचल प्रदेश में ऊना का आलू प्रसंस्करण केंद्र, नादौन का स्पाइस पार्क और कांगड़ा का किन्नू प्रसंस्करण केंद्र भी विचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि शाहपुर में एफसीआई स्टील साइलो की स्थापना से खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े प्रयासों को गति मिल सकती है। पठानिया ने जनहित में प्रस्ताव को स्वीकृति देने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, भंडारण और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के साथ किसानों को बेहतर बाजार व्यवस्था उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।