Loading...

शाहपुर में पीएम आवास योजना के 9 लाभार्थियों को पहली किस्त, 6.30 लाख रुपये के चेक वितरित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 18 Hours Ago • 1 Min Read

शाहपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नौ पात्र लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए पहली किस्त जारी की गई। विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने प्रत्येक लाभार्थी को 70 हजार रुपये का चेक सौंपा। मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 6 लाख 30 हजार रुपये की सहायता राशि वितरित की गई।

शाहपुर

केवल सिंह पठानिया ने बताया कि नगर पंचायत शाहपुर में अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 99 पात्र लाभार्थियों को करीब 1.60 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मकान निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना से जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी दिशा में वर्षों बाद बीपीएल परिवारों का सर्वे करवाया गया है, ताकि कोई पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया और नगर पंचायत के जनहित कार्यों की सराहना की।

नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए नगर पंचायत की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, नगर पंचायत अध्यक्ष बविता, पार्षद विजय गुलेरिया, अभिषेक माथुर, नीतिन कौशल, प्रीति चम्बियाल, पूर्व अध्यक्ष ऊषा शर्मा, पूर्व पार्षद शुभम, नगर पंचायत सचिव आदित्य, तहसीलदार दीक्षांत ठाकुर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Topics: