ग्राम पंचायत शलाना में नशा निवारण समिति की बैठक, पंचायत स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
ग्राम पंचायत शलाना में आयोजित नशा निवारण समिति की बैठक में पंचायत स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने और नशा उन्मूलन अभियान को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से नशे के खिलाफ जागरूक रहने, युवाओं को खेल एवं कैरियर काउंसलिंग से जोड़ने तथा नशा तस्करों की सूचना गोपनीय रूप से साझा करने की अपील की। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
राजगढ़
ग्राम पंचायत शलाना के पंचायतघर में शुक्रवार को नशा निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सहायक दंडाधिकारी सिरमौर एल.आर. वर्मा ने की। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी राजगढ़ राजकुमार ठाकुर तथा खंड विकास अधिकारी उमेश भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला सहायक दंडाधिकारी एल.आर. वर्मा ने पंचायतवासियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं, लेकिन समाज की सक्रिय भागीदारी के बिना इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियों का गठन किया गया है तथा इन समितियों की नियमित बैठकों के माध्यम से जनजागरूकता को और मजबूत बनाया जा रहा है।
उपमंडलाधिकारी राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने लोगों से अपने परिवारों में नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करने तथा बच्चों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशा उन्मूलन अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।खंड विकास अधिकारी उमेश ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पंचायत स्तर पर जिम स्थापित किए जाने, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा कैरियर काउंसलिंग शिविर आयोजित करने की आवश्यकता है। इससे युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिल सकेगी।
नशा निवारण समिति शलाना के सदस्य एवं समाजसेवी विकल्प सिंह ठाकुर ने समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए लोगों से नशा तस्करों की सूचना समिति के सदस्यों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक के अंत में पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए विश्वास दिलाया कि ग्राम पंचायत शलाना नशा उन्मूलन अभियान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएगी। इसके उपरांत अधिकारियों को पारंपरिक हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।बैठक में उपप्रधान हर्ष ठाकुर, डॉ. सिम्मी शर्मा, प्रो. रमेश कुमार, समिति सचिव निरूपण शर्मा, राजेंद्र शर्मा, ब्रह्मानंद शर्मा, पूर्व उपप्रधान विशाल कश्यप, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडलों की प्रतिनिधि तथा पंचायत के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
