शीतलाघाटी में सामुदायिक भवन की आधारशिला, विकास कार्यों के लिए विधायक ने की कई घोषणाएं
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने ग्राम पंचायत शहरोल के शीतलाघाटी में प्रस्तावित सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी और निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस दौरान आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। विधायक ने क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों के लिए भी धनराशि और सोलर लाइट उपलब्ध करवाने की घोषणाएं कीं।
सोलन/अर्की
विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाना और लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं।

ग्रामीण आर्थिकी मजबूत करने के प्रयास
संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने गाय के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 51 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये और भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 61 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये किया है। उनके अनुसार, इससे मिलने वाली राशि प्रत्यक्ष रूप से मातृ शक्ति तक पहुंच रही है और परिवारों के आर्थिक सशक्तीकरण में सहायक बन रही है।
विधायक ने देवधार मंदिर शहरोल में शेड निर्माण के लिए 2 लाख रुपये और ग्राम पंचायत शहरोल के लिए 25 सोलर लाइट देने की घोषणा की। उन्होंने महिला मंडल शहरोल और कुइरू को 11-11 हजार रुपये, युवक मंडल कुइरू को 11 हजार रुपये तथा आयोजन समिति को 21 हजार रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न मांगों को समयबद्ध रूप से पूरा करने का आश्वासन दिया।

युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान
संजय अवस्थी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ प्रदेश और देश का भविष्य जुड़ा है, इसलिए उन्हें अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और क्षेत्र के निवासियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा, पंचायत समिति सदस्य परमानंद वर्धन और कमलेश शर्मा, नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा तथा ग्राम पंचायत शहरोल की प्रधान नर्वदा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में पुलिस, राज्य विद्युत बोर्ड, लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।