Loading...

पार्किंग और कूड़ा शुल्क बढ़ोतरी पर सियासत तेज, भाजपा ने कांग्रेस सरकार को घेरा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / शिमला

शिमला में पार्किंग और कूड़ा शुल्क बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस सरकार और नगर निगम पर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया है। इस फैसले को लेकर राजनीतिक विवाद और अधिक बढ़ने की संभावना है।

शिमला

शिमला नगर निगम में पार्किंग शुल्क और कूड़ा शुल्क बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोलते हुए इस फैसले को आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ करार दिया है।संदीपनी भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पार्किंग दरों में करीब 30 प्रतिशत और कूड़ा शुल्क में 10 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी गई है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले जहां 0 से 2 घंटे की पार्किंग फीस 15 रुपये थी, उसे बढ़ाकर 25 रुपये कर दिया गया है, जबकि 2 से 4 घंटे की फीस 30 से बढ़ाकर 50 रुपये कर दी गई है। इसी तरह 12 से 24 घंटे की पार्किंग फीस 170 रुपये से बढ़ाकर 260 रुपये तक पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि कूड़ा शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है, जिसके तहत घरेलू उपभोक्ताओं से अब 156 रुपये प्रतिमाह लिए जा रहे हैं, जबकि दुकानों, होटलों और अन्य संस्थानों के लिए यह शुल्क 428 रुपये से लेकर 1074 रुपये तक निर्धारित किया गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि एक ओर सरकार महंगाई कम करने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर विभिन्न सेवाओं के शुल्क बढ़ाकर जनता पर बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्किंग आवंटन प्रक्रिया में बदलाव से भी आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

संदीपनी भारद्वाज ने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शुल्क वृद्धि वापस नहीं ली गई तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर जन आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।उधर, इस फैसले को लेकर शहर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।