सिरमौर की 20 पंचायतों में नशा निवारण समितियों की बैठकें, हजारों लोगों ने ली एंटी-चिट्टा ई-शपथ
अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस पर जिला सिरमौर की 20 चिन्हित पंचायतों में नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित कर नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में हजारों लोगों को एंटी-चिट्टा ई-शपथ दिलाकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया गया।
नाहन
अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस पर जिला सिरमौर में जनजागरूकता अभियान भी व्यापक स्तर पर चलाया गया। जिले की 20 चिन्हित पंचायतों में नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठकों में प्रदेश सरकार की शून्य सहनशीलता नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा पंचायत स्तर पर नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
इसके अलावा जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा आम लोगों को एंटी-चिट्टा ई-शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से लड़ने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।जिला पुलिस ने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ इस जनआंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।