सिरमौर में जल जीवन मिशन का शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा, 1,21,917 घरों को पेयजल कनेक्शन
सिरमौर जिले में जल जीवन मिशन का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए 1,21,917 घरों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जिला जल स्वच्छता मिशन समिति की बैठक में योजनाओं की प्रगति, पेयजल की गुणवत्ता और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण की समीक्षा की गई।
नाहन
उपायुक्त कार्यालय सभागार में जल शक्ति विभाग की ओर से आयोजित बैठक में उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए विभाग को लगातार प्रयास करना चाहिए। उन्होंने उपलब्धि के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों के पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, सफाई और नियमित देखभाल की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये स्रोत ग्रामीण परिवेश का प्रमुख और अभिन्न हिस्सा हैं।
237 योजनाओं में से 38 पर काम जारी
बैठक में बताया गया कि जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 237 योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें 199 योजनाएं भौतिक रूप से और 164 योजनाएं वित्तीय रूप से पूरी हो चुकी हैं, जबकि 38 योजनाओं का काम प्रगति पर है। उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को पेयजल की कमी वाले क्षेत्रों के साथ जिले के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पानी से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
पांच प्रयोगशालाओं में 8,091 नमूनों की जांच
वर्ष 2026-27 में अब तक जिले में विभाग की पांच पेयजल परीक्षण प्रयोगशालाओं में कुल 8,091 पानी के नमूनों की जांच की गई है। इनमें 3,505 रासायनिक और 4,586 बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण शामिल हैं। बैठक में बताया गया कि पिछले वित्त वर्ष के दौरान 6,175 रासायनिक और 14,126 बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण किए गए थे। उपायुक्त ने विभिन्न पेयजल योजनाओं में पानी की गुणवत्ता की जांच लगातार जारी रखने को कहा।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जहां भी पानी की गुणवत्ता में कमी मिले, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। अधिशासी अभियंता जल शक्ति देवा नंद पुंडिर ने बताया कि जिले के 1,590 स्कूलों में नल कनेक्शन से पेयजल दिया जा रहा है। नल जल मित्र कार्यक्रम के तहत जल रक्षक, एमपीडब्ल्यू, पैरा पीओ और पैरा फिटर के 119 अभ्यर्थियों को आईटीआई में प्रशिक्षण भी दिया गया है।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता काप्टा, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. विनोद सांगल, उप निदेशक कृषि साहिब सिंह और समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अधिशासी अभियंता ने जिला जल स्वच्छता मिशन से संबंधित विषय क्रमवार प्रस्तुत किए और विभाग की ओर से संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।