सिरमौर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर, मुफ्त स्वास्थ्य जांच भी हुई
अंतरराष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर ने ग्राम पंचायत निहालगढ़ में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया। इसमें बुजुर्गों को कानूनी अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और मुफ्त विधिक सहायता की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर भी लगाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के साथ परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाईं। आयोजन NALSA की ‘वरिष्ठ नागरिकों की विधिक सेवाएं योजना, 2016’ के तहत किया गया।
सिरमौर/निहालगढ़
शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं वरिष्ठ सिविल जज नव कमल ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों को NALSA की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और वरिष्ठ नागरिकों को प्राप्त कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य समाज में बुजुर्गों के महत्व और सम्मान को बढ़ावा देने के साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे उपलब्ध विधिक सेवाओं और सहायता का लाभ उठा सकें।
स्वास्थ्य योजनाओं और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने जांच के बाद आवश्यक परामर्श दिया और दवाइयां भी उपलब्ध करवाईं। विभाग के समन्वय से बुजुर्गों को आयुष्मान भारत, हिमकेयर और राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इन योजनाओं के माध्यम से वे सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध मुफ्त चिकित्सा सुविधाओं और जांच सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
हेल्पलाइन 15100 से मिलेगी कानूनी सलाह
शिविर में बताया गया कि वरिष्ठ नागरिकों के अलावा महिलाएं, अनुसूचित जाति-जनजाति के सदस्य और कमजोर वर्गों से जुड़े लोग अपने कानूनी मामलों में मुफ्त वकील और विधिक सलाह प्राप्त कर सकते हैं। वरिष्ठ नागरिकों को भरण-पोषण, संपत्ति की सुरक्षा और सरकारी पेंशन योजनाओं से संबंधित विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई। NALSA की निःशुल्क हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से घर बैठे कानूनी सलाह, सहायता और शिकायतों के समाधान के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच करवाई तथा अपने अधिकारों की जानकारी हासिल की।