सैनवाला मुबारकपुर ईदगाह के पास खड्ड में डूबने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत
सिरमौर जिला के सैनवाला मुबारकपुर क्षेत्र में ईदगाह के पास पानी से भरी खड्ड में डूबने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने परिजनों के साथ ईद की नमाज के लिए ईदगाह पहुंचा था। कुछ समय बाद वह लापता हो गया और तलाश के दौरान उसे पास की खड्ड से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेज दिया।
पांवटा साहिब
ईद की नमाज के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार आयान पुत्र इस्लाम अपने परिजनों के साथ ईद की नमाज अता करने के लिए सैनवाला मुबारकपुर स्थित ईदगाह पहुंचा था। इस दौरान बच्चे के पिता और दादा नमाज में व्यस्त थे, जबकि बच्चा पास के क्षेत्र में खेल रहा था। कुछ समय बाद बच्चा वहां दिखाई नहीं दिया, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।
खड्ड में मिला बच्चा
तलाश के दौरान ईदगाह से कुछ दूरी पर स्थित पानी से भरी एक गहरी खड्ड में बच्चे के होने की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से बच्चे को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि खड्ड में पानी और दलदल जमा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खड्ड की गहराई करीब साढ़े चार फुट बताई गई है।
नहर के रिसाव से भरा था पानी
सूत्रों के अनुसार सिंचाई नहर से पानी के रिसाव के कारण संबंधित खड्ड में पानी भर गया था, जिससे वहां दलदल जैसी स्थिति बन गई थी। बताया गया कि बच्चे की लंबाई लगभग तीन फुट थी। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद माजरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेज दिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।