स्मार्ट मीटर से इनकार पर पंचायत प्रधान के घर की बिजली काटी, कपाहड़ा में विवाद बढ़ा
बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत कपाहड़ा में स्मार्ट मीटर लगाने से जुड़ा विवाद बढ़ गया है। स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर विद्युत विभाग ने पंचायत प्रधान विनय कुमार शर्मा के घर का बिजली कनेक्शन काट दिया। प्रधान ने विभाग की कार्रवाई का विरोध करते हुए अपनी निजी जमीन पर लगे बिजली के खंभे और तार 24 घंटे के भीतर हटाने की चेतावनी दी है। विभाग ने इस कार्रवाई को नियमानुसार बताया है।
बिलासपुर/घुमारवीं
पंचायत प्रधान विनय कुमार शर्मा के अनुसार, ग्राम पंचायत कपाहड़ा की ग्राम सभा में 9 अगस्त को पुराने बिजली मीटर नहीं बदलने के संबंध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया था। पंचायत की ओर से यह प्रस्ताव संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया जारी रही। प्रधान ने आरोप लगाया कि विभाग उपभोक्ताओं की आशंकाओं का समाधान करने के बजाय उन पर स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव बना रहा है।
प्रधान ने बताया कि विद्युत विभाग ने 14 अक्तूबर को उन्हें और उनके दिवंगत पिता के नाम पर स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने को लेकर नोटिस जारी किए थे। इन नोटिस में 24 घंटे के भीतर स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने की स्थिति में बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई थी। निर्धारित अवधि के बाद विभाग ने उनके घर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इस कार्रवाई से नाराज प्रधान ने विभाग के फैसले पर सवाल उठाए हैं।
विनय कुमार शर्मा ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में उन्होंने उच्च न्यायालय में भी याचिका दायर की है। दूसरी ओर, घुमारवीं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कर्ण चंदेल ने कहा कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी पहले ही दी गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार की गई है।