Loading...

बिलासपुर में स्मार्ट मीटर से रियल टाइम दिखेगी बिजली खपत, वास्तविक उपयोग पर बनेगा बिल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

बिलासपुर शहर में उपभोक्ताओं को पारदर्शी और आधुनिक विद्युत सेवाएं देने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इन मीटरों से उपभोक्ता ऐप के माध्यम से अपनी बिजली खपत की रियल टाइम जानकारी देख सकेंगे और वास्तविक उपयोग के आधार पर बिलिंग सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। विद्युत बोर्ड के अनुसार, नई व्यवस्था से गलत या अनुमानित बिलिंग से जुड़ी शिकायतों में कमी आने की संभावना है।

बिलासपुर

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, बिलासपुर के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता शशि कुमार ने 25 सितंबर को नगर परिषद की मासिक बैठक में स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और लाभों की जानकारी दी। नगर परिषद अध्यक्ष पूजा ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने पार्षदों को बताया कि स्मार्ट मीटर पारंपरिक मीटरों की तुलना में अधिक आधुनिक और पारदर्शी हैं। इनके माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नियमित नजर रख सकेंगे।

शशि कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर में टू-वे कम्युनिकेशन की सुविधा उपलब्ध है। इसके माध्यम से मीटर से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वतः विद्युत बोर्ड के कंट्रोल रूम तक पहुंच सकेगी। इस तकनीक से प्रत्येक उपभोक्ता के घर जाकर मैन्युअल रूप से मीटर रीडिंग लेने की आवश्यकता कम होगी। साथ ही, बिजली आपूर्ति और खपत की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से करने में भी सहायता मिलेगी।

छेड़छाड़ की सूचना कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी

वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता ने कहा कि बिजली चोरी से विद्युत वितरण व्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ता है। ओवरलोडिंग और अवैध कटिंग के कारण लो-वोल्टेज तथा बिजली आपूर्ति में बार-बार व्यवधान की स्थिति बन सकती है। इसका प्रभाव विद्युत बोर्ड के साथ ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है। स्मार्ट मीटर में उपलब्ध छेड़छाड़ रोधी व्यवस्था के तहत मीटर को बाईपास करने या उससे छेड़छाड़ का प्रयास होने पर सेंसर इसकी जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंचा सकेगा।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से बिजली चोरी की घटनाओं की पहचान और रोकथाम में सहायता मिलेगी तथा विद्युत वितरण प्रणाली को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाया जा सकेगा। शशि कुमार ने बिलासपुर शहर के उपभोक्ताओं और आम जनता से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया में विद्युत बोर्ड का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बोर्ड बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने, पारदर्शिता बढ़ाने और विद्युत व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए तकनीक आधारित उपायों को लगातार बढ़ावा दे रहा है।

Related Topics: •