Loading...

सोलन में 200 करोड़ रुपये से बन रहे 200 बिस्तर वाले अस्पताल का डॉ. शांडिल ने लिया जायजा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने 13 सितंबर 2026 को सोलन के कथेड़ में निर्माणाधीन अत्याधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल, तृतीय स्तरीय ट्रॉमा केंद्र और मातृ एवं शिशु अस्पताल के भवनों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य अंतिम चरण तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सोलन

निरीक्षण के दौरान डॉ. शांडिल ने लोक निर्माण विभाग को अस्पताल तक आने-जाने वाले मार्ग को बेहतर बनाने और उसे चौड़ा करने के लिए आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बहुउद्देशीय अस्पताल को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से सितंबर में ही समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें निर्माण से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।

ट्रॉमा केंद्र और मातृ-शिशु इकाई का भी निर्माण

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस बहुउद्देशीय अस्पताल में 200 बिस्तरों की सुविधा होगी। इसके साथ तृतीय स्तरीय ट्रॉमा केंद्र और अलग मातृ एवं शिशु इकाई का निर्माण भी किया जा रहा है। निरीक्षण के समय नगर निगम सोलन की पार्षद अरुणा ठाकुर, शहरी कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेंद्र बंसल, विकास ठाकुर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवर, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप जैन, लोक निर्माण विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Topics: