Loading...

सोलन में 35 हेक्टेयर तक फैलेगी ब्लूबेरी की खेती, करीब 188 किसानों को लाभ देने का प्रस्ताव

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 55 Mins Ago • 1 Min Read

सोलन जिले में ब्लूबेरी की खेती का विस्तार करने के लिए हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई और मूल्यवर्धन परियोजना के तहत लगभग 35 हेक्टेयर क्षेत्र को इस उच्च मूल्य वाली फल फसल के अंतर्गत लाने का प्रस्ताव है। इससे करीब 188 किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में फिलहाल 5,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में संरक्षित वातावरण के भीतर ब्लूबेरी की खेती की जा रही है।

सोलन/सोलन

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने धारों की धार में प्रगतिशील बागवान करण सिंह की ओर से वर्ष 2025 में स्थापित ब्लूबेरी फ्रंट लाइन डेमोंस्ट्रेशन इकाई का दौरा किया। यह इकाई बागवानी विभाग के सहयोग से एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत 800 वर्ग मीटर क्षेत्र में संरक्षित अधोसंरचना के भीतर स्थापित की गई है। इसमें मृदाविहीन माध्यम से ब्लूबेरी के 600 पौधे लगाए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान इकाई में ब्लूबेरी के पौधों की वृद्धि और प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों के अनुसार यह इकाई सोलन की कृषि-जलवायु परिस्थितियों में संरक्षित वातावरण के भीतर ब्लूबेरी उत्पादन की संभावनाओं को दर्शाती है। उपायुक्त ने कहा कि जिले की जलवायु के अनुरूप फल उत्पादन को बढ़ावा देना बागवानों की आर्थिकी और दीर्घकालिक लाभ के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

जिले में स्थापित की गईं छह प्रदर्शन इकाइयां

बागवानी विभाग सोलन जिले में अब तक ब्लूबेरी की छह फ्रंट लाइन डेमोंस्ट्रेशन इकाइयां स्थापित कर चुका है। इसके अतिरिक्त उद्यान प्रदर्शन केंद्र गौड़ा में भी ब्लूबेरी की एक प्रदर्शन इकाई बनाई गई है। विभाग का उद्देश्य इन इकाइयों के माध्यम से किसानों और बागवानों को आधुनिक उत्पादन तकनीकों, संरक्षित खेती तथा उच्च मूल्य वाली फल फसलों से परिचित कराना है, ताकि जिले में बागवानी विविधीकरण को गति मिल सके।

प्रदेश सरकार एचपी शिवा परियोजना के तहत आधुनिक उत्पादन तकनीकों के साथ तकनीकी और वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाकर ब्लूबेरी को प्रमुख उच्च मूल्य वाली फल फसल के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। इस पहल से फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलने, किसानों के लिए आय के नए अवसर बनने और बागवानी आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना जताई गई है।

दौरे के दौरान जिला शिकायत निवारण समिति के सदस्य शिव कुमार, उद्योग विभाग सोलन की उप निदेशक डॉ. शिवाली ठाकुर, सोलन एवं कंडाघाट की विषय विशेषज्ञ उद्यान शकुन राणा, प्रगतिशील बागवान करण सिंह और सुरिंदर ठाकुर भी उपस्थित रहे। अधिकारियों को एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत ब्लूबेरी की खेती को प्रोत्साहित करने और इसके विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।

Related Topics: •