Loading...

सोलन की सात पंचायतों में ई-रिक्शा से होगा कचरा संग्रह, डॉ. शांडिल ने दिखाई हरी झंडी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Sep 2026 • 1 Min Read

सोलन विधानसभा क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों में अब ई-रिक्शा के माध्यम से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने 5 सितंबर 2026 को कचरा संग्रह करने वाली ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सोलन

डॉ. शांडिल ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग हिमाचल प्रदेश ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत यह ई-रिक्शा उपलब्ध करवाई है। वाहन सोलन विधानसभा क्षेत्र की डांगरी, कोठों, नौणी मझगांव, सलोगड़ा, ओच्छघाट, आंजी और सपरून ग्राम पंचायतों से कचरा एकत्र करेगा। इसके बाद कचरे को संबंधित पंचायत में स्थापित संग्रह शेड तक पहुंचाया जाएगा और विकास खंड स्तर की कचरा प्रबंधन इकाई में उसका उचित निष्पादन किया जाएगा।

गीला और सूखा कचरा अलग-अलग होगा एकत्र

मंत्री ने कहा कि इस पर्यावरण अनुकूल पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन को अधिक कुशल, आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाना है। चयनित पंचायतों के प्रत्येक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान से गीला तथा सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र किया जाएगा। ई-रिक्शा के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन कम करने में सहायता मिलेगी और तंग ग्रामीण रास्तों से भी कचरा संग्रह करना आसान होगा।

इस अवसर पर बाघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, खंड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अमित ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा, कर्नल संजय शांडिल, जतिन साहनी, शोभित बहल, मदन हिमाचली, संधीर सीनू, रमेश ठाकुर, विजय पुरी, सक्षम शर्मा, विजय ठाकुर, बलदेव ठाकुर और सुरेंद्र ठाकुर उपस्थित रहे। उपमंडलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा, जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा, खंड विकास अधिकारी सोलन मंजुला कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

Related Topics: