मुफ्त पानी के वादे फेल, 14 दिन तक सूखा रहा सोलन—बिलों का बोझ बढ़ा
Himachalnow / सोलन
सोलन नगर निगम चुनाव के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर मुफ्त पानी और बढ़ते बिलों को लेकर हमला बोला। आरोप है कि कई इलाकों में 14 दिन तक पानी नहीं आया और लोगों को भारी बिल भरने पड़े। कूड़ा शुल्क, हाउस टैक्स और बेरोजगारी के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा गया।
सोलन
सोलन में नगर निगम चुनाव के बीच सियासत तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार और सोलन नगर निगम पर तीखा हमला बोलते हुए कई मुद्दों पर घेरा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले मुफ्त पानी देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत इसके उलट रही। कई इलाकों में 14-14 दिन तक पानी की सप्लाई बंद रही और लोगों को हजारों रुपये के बिल भरने पड़े।उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को मजबूरी में टैंकरों से पानी खरीदना पड़ा, जबकि निगम पानी के बिल वसूलता रहा। इसे उन्होंने जनता के साथ धोखा करार दिया।
कूड़ा प्रबंधन को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि कूड़ा शुल्क न लेने का वादा किया गया था, लेकिन उल्टा शुल्क बढ़ाकर वसूला गया और इसके बावजूद सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं रही।हाउस टैक्स में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया गया, लेकिन सुविधाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम आंतरिक विवादों में उलझा रहा और जनता समस्याओं से जूझती रही।प्रदेश सरकार पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झूठे वादों के सहारे सत्ता हासिल की। महिलाओं को हर महीने ₹1500 देने का वादा किया गया था, लेकिन 42 महीने बीतने के बाद भी लाखों महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिला।
युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एक लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया गया था, लेकिन रोजगार के अवसर भी कम हो गए। कर्मचारियों, पेंशनरों और आम जनता में नाराजगी बढ़ रही है।उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब खुद सरकार विकास के लिए पैसे की कमी की बात कर रही है, तो इससे साफ है कि विकास कार्य ठप हैं।इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर 12 से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका अग्रवाल के कार्यालय का उद्घाटन भी किया और मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।अंत में उन्होंने दावा किया कि सोलन नगर निगम और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय है और इससे विकास को नई गति मिलेगी।