सोलन में 130 कामगारों को 39.94 लाख रुपये की सहायता, पंजीकरण कराने की अपील
सोलन जिले में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 130 लाभार्थियों को 39 लाख 94 हजार 740 रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है। श्रम कल्याण अधिकारी ललित शर्मा ने पात्र निर्माण कामगारों से बोर्ड में पंजीकरण करवाकर वर्तमान में संचालित 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।
सोलन
श्रम कल्याण अधिकारी सोलन ललित शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड वर्तमान में 14 कल्याणकारी योजनाएं चला रहा है। इन योजनाओं के लिए 18 से 60 वर्ष आयु का ऐसा भवन या निर्माण कामगार पंजीकरण करवा सकता है, जिसने पिछले 12 महीनों के दौरान किसी भी निर्माण स्थल पर कम से कम 90 दिन कार्य किया हो। पात्र कामगार बोर्ड के सोलन कार्यालय में पंजीकरण करवाने के बाद योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में बोर्ड के साथ पंजीकृत 4,967 कामगारों को 20.61 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की थी। इनमें सोलन जिले के 130 लाभार्थी भी शामिल थे, जिन्हें अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 39 लाख 94 हजार 740 रुपये की वित्तीय सहायता दी गई।
विभिन्न योजनाओं में दी गई सहायता
सोलन जिले के 86 पात्र लाभार्थियों को शिक्षण छात्रवृत्ति सहायता योजना के तहत 21 लाख 53 हजार 800 रुपये और 29 लाभार्थियों को विवाह सहायता योजना के तहत 15 लाख 14 हजार रुपये प्रदान किए गए। एक लाभार्थी को चिकित्सा सहायता के रूप में 2,290 रुपये तथा एक मानसिक रूप से दिव्यांग लाभार्थी की देखभाल के लिए 20 हजार रुपये की सहायता दी गई।
इसके अतिरिक्त 10 पात्र लाभार्थियों को मातृत्व एवं पितृत्व प्रसुविधा सहायता के रूप में 3 लाख 1,500 रुपये और तीन लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन सहायता के तहत 3,150 रुपये प्रदान किए गए। ललित शर्मा ने सभी पात्र निर्माण कामगारों से आग्रह किया कि वे कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कामगार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण सुनिश्चित करवाएं।