Loading...

एसपीसीए बैठक में पशु कल्याण पर अहम फैसले, नाहन में जल्द शुरू होगा एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Hours Ago • 1 Min Read

सिरमौर की सोसायटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स की त्रैमासिक बैठक में आवारा पशुओं के प्रबंधन, गौशालाओं के संचालन और पशु क्रूरता की रोकथाम को लेकर अहम निर्णय लिए गए। उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में नाहन में आवारा कुत्तों के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम जल्द शुरू करने और वार्डवार फीडिंग प्वाइंट चिह्नित करने का फैसला भी लिया गया।

नाहन

उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में 11 सितंबर को आयोजित बैठक में निराश्रित मवेशियों की समस्या के प्रभावी समाधान के लिए पुलिस विभाग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। पशुओं के जिम्मेदार स्वामित्व को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही लोगों को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देने के लिए भी अभियान शुरू करने पर सहमति बनी।

उपयुक्त स्थानों का निरीक्षण करेगी संयुक्त टीम

बैठक में विभिन्न गौशालाओं के बेहतर और सुचारू प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम के लिए एसडीएम नाहन, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक, नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष और कार्यकारी अधिकारी की संयुक्त टीम शहर में उपयुक्त स्थानों का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के आधार पर कार्यक्रम से जुड़ी आगे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

नाहन शहर में आवारा कुत्तों को नियंत्रित और व्यवस्थित तरीके से भोजन उपलब्ध करवाने के लिए प्रत्येक वार्ड में निर्धारित फीडिंग प्वाइंट चिह्नित किए जाएंगे। इन स्थानों के चयन और प्रबंधन में एसपीसीए का सहयोग लिया जाएगा। बैठक में कहा गया कि इस व्यवस्था से आवारा कुत्तों को निर्धारित स्थानों पर भोजन देने के साथ शहर में उनकी समस्या के बेहतर प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।

लंबित मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

बैठक के दौरान स्लॉटर हाउस और इससे संबंधित व्यवस्थाओं से जुड़े लंबे समय से लंबित एक विषय का समाधान किया गया। अन्य लंबित मामलों पर भी चर्चा करते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई पर बल दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों और हितधारकों को सभी निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रशासन, पशुपालन, नगर परिषद, वन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों सहित एसपीसीए के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Topics: