मुख्यमंत्री ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में 33/11 केवी विद्युत उप-केन्द्र का शुभारम्भ किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सचिवालय से वर्चुअल माध्यम से हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में 7.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उप-केन्द्र पटलांदर (अंसला) का शुभारंभ किया। इस परियोजना से क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों के लगभग 14 हजार लोगों को गुणवत्तापूर्ण और निरंतर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
16 पंचायतों के लगभग 14 हजार लोगों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सचिवालय से वर्चुअल माध्यम के जरिए हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में 7.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उप-केन्द्र पटलांदर (अंसला) का शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत चबुतरा से अंसला तक लगभग 7.2 किलोमीटर लंबी 33 केवी एचटीएससी लाइन बिछाई गई है, जिससे उप-केन्द्र को सुदृढ़ और निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इस सुविधा से पटलांदर, रंगर, चौरी, अंसला, भगोल, चमियाना, दुहाक, सौद, भटेरा, पनोह, धैल, जियार कसीरी, पीपल, टिक्करु, सपाहल सहित आसपास के क्षेत्रों की 16 ग्राम पंचायतों के लगभग 14 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।
कम वोल्टेज की समस्या के समाधान की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विद्युत उप-केन्द्र से 11 केवी कोट चौरी, सुजानपुर, पटलांदर तथा पलाई फीडरों को विद्युत आपूर्ति दी जाएगी। वैकल्पिक आपूर्ति के लिए उप-केन्द्र को 33 केवी विद्युत उप-केन्द्र टौणी देवी तथा 33 केवी विद्युत उप-केन्द्र सुजानपुर से भी जोड़ा गया है, ताकि आपात स्थिति में भी विद्युत आपूर्ति जारी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में सहायता मिलेगी, लाइन की लंबाई कम होने से विद्युत हानि में कमी आएगी तथा क्षेत्र में लंबे समय से बनी कम वोल्टेज की समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी।
विधायक ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक रणजीत सिंह राणा क्षेत्र की विद्युत संबंधी आवश्यकताओं को समय-समय पर सरकार के समक्ष रखते रहे, जिसके बाद इस परियोजना के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सुजानपुर जाकर परियोजना का शुभारंभ करना चाहते थे, लेकिन बरसात के कारण वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुजानपुर में मौजूद विधायक रणजीत सिंह राणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र की 16 पंचायतों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, सुरेश कुमार, सुदर्शन बबलू, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
