Loading...

सुक्खू सरकार झूठ फरेब और लूट की बन चुकी है सरकार – राजेंद्र राणा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सुक्खू सरकार पर झूठे वादे और जनता को गुमराह करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता से किए गए वादों और गारंटियों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। प्रदेशभर में कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और किसानों में सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेन्द्र राणा ने प्रदेश की सुक्खू सरकार को झूठ फरेब और लूट की सरकार करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले प्रदेश की जनता से बड़े बड़े वादे किए थे। लेकिन आज तक एक भी गारंटी पूरी नहीं हो पाई है।राजेन्द्र राणा ने कहा कि पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनावों को टालने के लिए सरकार पूरा जोर लगा रही थी क्योंकि कांग्रेस को यह डर सता रहा था कि जनता इन चुनावों में उसे करारा जवाब देने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब पूरी तरह समझ चुकी है कि कांग्रेस ने केवल झूठे वादों और गारंटियों के दम पर सत्ता हासिल की थी।

राजेन्द्र राणा ने कहा कि महिलाओं को हर महीने पंद्रह सौ रुपये देने का वादा आज कांग्रेस सरकार के गले की फांस बन चुका है। वहीं युवाओं को रोजगार देने के नाम पर भी केवल छलावा किया गया। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी प्रदेशभर में देखने को मिल रही है।राजेन्द्र राणा ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों से पहले तीन सौ इकाई मुफ्त बिजली देने का वादा किया था लेकिन सत्ता में आते ही जनता से राहतें छीन ली गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो बिजली बिल पहले बेहद कम आता था वह अब कई गुना बढ़ चुका है और आम आदमी आर्थिक बोझ तले दब गया है।

राजेन्द्र राणा ने कहा की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अन्य राज्यों में जाकर हिमाचल की झूठी तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं जबकि प्रदेश की सच्चाई यह है कि हर वर्ग सरकार से परेशान है। कर्मचारी समय पर वेतन के लिए परेशान हैं। पेंशनरों को पेंशन मिलने में देरी हो रही है और उपचार संबंधी बिलों का भुगतान तक लंबित पड़ा है।राजेन्द्र राणा ने कहा कि आज महिलाएं किसान व्यापारी कर्मचारी युवा और ग्रामीण क्षेत्रों की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास के नाम पर केवल घोषणाएं कीं जबकि धरातल पर कोई बड़ा कार्य दिखाई नहीं देता।

राजेन्द्र राणा ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में रिकॉर्ड कर्ज लिया लेकिन विकास कार्यों में उसका कोई प्रभाव दिखाई नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर इतना बड़ा कर्ज कहां खर्च किया गया और किसे लाभ पहुंचाया गया।राजेन्द्र राणा ने कहा कि वर्ष दो हजार सत्ताईस में हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनाव जनता के लिए कांग्रेस सरकार को जवाब देने का सबसे बड़ा अवसर होगा और जनता इस बार झूठ और फरेब की राजनीति को पूरी तरह नकार देगी।

Related Topics: