Tag: Featured

  • 7 वर्षीय बच्चे के साथ पेश आया दर्दनाक हादसा, मौके पर गई जान

    7 वर्षीय बच्चे के साथ पेश आया दर्दनाक हादसा, मौके पर गई जान

    HNN / मंडी

    बीएसएल थाना के तहत निहरी तहसील में पशुओं को चराने जा रहे 7 वर्षीय बच्चे की खाई में गिरने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान 7 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र भीम सिंह निवासी गांव मैहप डाकघर प्रेसी तहसील निहरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दिनेश जंगल में अपने पशुओं को चराने के लिए जा रहा था।

    इस दौरान रास्ते में उसका पांव फ़िसला और वह सीधा गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दिनेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जब वह काफी समय तक घर न लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। इस दौरान वह खाई में मृत अवस्था में पाया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

    उधर, डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्यवाही कर रही है।

  • अलर्ट: सिरमौर में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मामले , 565 पहुंचा आंकड़ा

    अलर्ट: सिरमौर में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मामले , 565 पहुंचा आंकड़ा

    HNN / सिरमौर

    जिला सिरमौर में डेंगू के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं और लगातार इन में इजाफा देखने को मिल रहा है। हालांकि प्रशासन, विभाग और नगर परिषद डेंगू से बचाव के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। बावजूद इसके मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिसने विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

    बता दें कि सिरमौर जिला में अब तक डेंगू की चपेट में 565 लोग आ चुके हैं तथा यह आंकड़ा दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। डेंगू के सबसे ज्यादा मामले नाहन और कालाअंब क्षेत्र से आ रहे हैं। बुधवार को मेडिकल कॉलेज नाहन और पांवटा अस्पताल में 51 सैंपलों में से 14 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

    उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निसार अहमद ने 14 नए मामले आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि डेंगू प्रभावित नाहन शहर और कालाअंब में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजकर लोगों को जागरूक किया जा रहा हैं। वहीं नगर परिषद को शहर में फॉगिंग के लिए कहा गया है।

  • पांचवी पास से लेकर डॉक्टर, वकील है सिरमौर के प्रत्याशी, जानिए कितने हैं पढ़े-लिखे…

    पांचवी पास से लेकर डॉक्टर, वकील है सिरमौर के प्रत्याशी, जानिए कितने हैं पढ़े-लिखे…

    HNN / सिरमौर

    हिमाचल प्रदेश की 16 विधानसभा के लिए जिला सिरमौर से 35 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए है। निर्वाचन आयोग को दिए गए शपथ पत्र में सभी प्रत्याशियों ने अपनी संपत्ति के साथ-साथ अपनी शिक्षा का भी जानकारी दी है। जिला सिरमौर के 35 प्रत्याशियों में पांचवी पास से लेकर डॉक्टर व वकील शामिल हैं।

    जिला सिरमौर के तीन प्रत्याशी अधिवक्ता है, जिसमें शिलाई से विधायक व कांग्रेस प्रत्याशी हर्षवर्धन चौहान बीए एलएलबी, पांवटा साहिब से आजाद प्रत्याशी अनिंदर सिंह नॉटी बीए एलएलबी तथा सीपीआईएम के पच्छाद से प्रत्याशी आशीष कुमार बीए एमबीए एलएलबी है। इसके अतिरिक्त भाजपा प्रत्याशी डॉ राजीव बिंदल कुरुक्षेत्र कॉलेज एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक से जीएएमएस हैं।

    शिलाई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बलदेव तोमर शिमला विश्वविद्यालय से बीए है। जबकि नाथूराम चौहान आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी बीए व राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के प्रत्याशी सुरेश शर्मा जमा दो तक शिक्षित हैं। श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी नारायण सिंह अर्थशास्त्र में एमए है। वही कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार व राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के जगमोहन सिंह पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड से दसवीं पास है।

    दिलीप सिंह ने निर्वाचन आयोग को दिए शपथ पत्र में शिक्षा के कॉलम को खाली रखा है। जबकि आम आदमी पार्टी के रामकिशन ने मास्टर डिग्री इन सोशल वर्क में किया है। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी गंगूराम मुसाफिर ने पंजाब वीवी से बीए की है। भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप ने शिमला विश्वविद्यालय से लोक प्रशासन में एमए किया है। कांग्रेस प्रत्याशी दयाल प्यारी कश्यप एचपी बोर्ड से प्लस टू की है। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के प्रत्याशी सुशील भी प्लस टू है। कवरिंग कैंडिडेट अजय कुमार ने बीए की है।

    जबकि आम आदमी पार्टी अजय सिंह ने शिमला विश्वविद्यालय से बीए की है। बीएसपी प्रत्याशी राकेश कुमार प्राइमरी पास हैं। नाहन विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुनील शर्मा ने सिक्किम से बीए की है। कांग्रेस के प्रत्याशी अजय सोलंकी बीए फर्स्ट ईयर हैं। शैलेंद्र सिंह प्लस टू, अयोध्या प्रसाद 9वी पास, ममता देवी प्लस टू पास तथा रमजान में हरियाणा से दसवीं की हुई है। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी बीए फर्स्ट ईयर, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी करनेश जंग प्लस टू पास है।

    आजाद प्रत्याशी रोशन लाल शास्त्री ने एमए संस्कृत, व्याकरण आचार्य, शास्त्री की डिग्री की हुई है। सुनील चौधरी ने हरियाणा से बीएससी व सीमा देवी ने जमा दो की है। जबकि राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अश्वनी वर्मा ने मगध विश्वविद्यालय से बीए की है। आजाद प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा दसवीं पास व शमशेर अली अंडर मैट्रिक हैं। निर्दलीय प्रत्याशी मनीष तोमर प्लस टू पास व आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मनीष ठाकुर ने शिमला विश्वविद्यालय से बीए की हैं।

  • Himachal Election 2022: आज होगी नामांकन पत्रों की छंटनी, इतने उम्मीदवार मैदान में

    Himachal Election 2022: आज होगी नामांकन पत्रों की छंटनी, इतने उम्मीदवार मैदान में

    HNN / शिमला

    हिमाचल प्रेदश में विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। बता दे कि चुनाव मैदान में 631 उम्मीदवार है। अब इनमें से कितनों ने सही और कितनों के नामांकन में त्रुटियां हैं, हिमाचल चुनाव विभाग की ओर से इसकी जानकारी साझा की जाएगी।

    गलत भरे गए नामांकन रद्द हो जाएंगे। उसके बाद 29 अक्तूबर को प्रत्याशी अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके चलते हिमाचल में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता पार्टी से बागी हुए नेताओं को मनाने में जुटे हैं।

    वही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 5 नवंबर को सोलन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका दौरा लगभग तय हो चुका है। मोदी ठोडो मैदान में शिमला लोकसभा क्षेत्र के सोलन, शिमला और सिरमौर के सभी 17 विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के पक्ष में दोपहर के समय जनसभा करेंगे।

  • हिमाचल: लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार यहां आएंगे पीएम मोदी, भरेंगे चुनावी हुंकार

    हिमाचल: लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार यहां आएंगे पीएम मोदी, भरेंगे चुनावी हुंकार

    HNN / सोलन

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर हिमाचल दौरे पर आ रहे है। वह इस बार सोलन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका दौरा लगभग तय हो चुका है। वह 5 नवंबर को ठोडो मैदान में शिमला लोकसभा क्षेत्र के सोलन, शिमला और सिरमौर के सभी 17 विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के पक्ष में दोपहर के समय जनसभा करेंगे।

    गौरतलब है कि इससे पहले भी मोदी निचले हिमाचल में रैलियां और जनसभाएं कर चुके हैं। जिला बिलासपुर, ऊना, चंबा में चुनावी हुंकार भर चुके हैं। इसके अलावा मंडी में उन्होंने कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित किया था। विधानसभा चुनाव को देखते हुए दशहरे के बहाने कुल्लू में भी मोदी आ चुके हैं।

    इससे पहले सोलन में मोदी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान जनसभा की थी। उसके बाद वह अब 5 नवंबर को पहली बार सोलन आएंगे।

  • Chamenji Double Murder: मां-बेटे के मर्डर केस की जानकारी देने वाले को एक लाख का इनाम

    Chamenji Double Murder: मां-बेटे के मर्डर केस की जानकारी देने वाले को एक लाख का इनाम

    HNN / पच्छाद

    सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में 9 साल के बच्चे और उसकी मां की बेरहमी से हत्या मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी फारेंसिक टीम की रिपोर्ट न आने से पुलिस की जांच आगे नहीं बढ़ पाई है। न ही अभी तक कोई सबूत पुलिस के हाथ लगा है।

    ऐसे में बुधवार यानि आज हिमाचल प्रदेश पुलिस के आफिशल टि्वटर हैंडल पर डबल मर्डर केस की किसी भी तरह की जानकारी, जो पुलिस के लिए सहायक सिद्ध हो सके, सूचना देने वाले व्यक्ति को हिमाचल प्रदेश पुलिस एक लाख रुपये का इनाम भी देगी। पुलिस ने कहा कि जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

    यह की अपील

    टि्वटर हैंडल पर हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से लिखा गया है कि अपराधी को गिरफ्तार करने में सहायक किसी भी जानकारी प्रदान करने के लिए जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा के मोबाइल नंबर 93179 21120 और पुलिस अधीक्षक ला एंड आर्डर शिमला मुख्यालय श्रृष्टि पांडे के मोबाइल नंबर 99075 68359 पर संपर्क किया जा सकता है। जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

    गौरतलब है कि चमेंजी पंचायत में डबल मर्डर केस में मृतक 32 वर्षीय उर्मिला का गला किसी तेजधार हथियार से बेरहमी से काटा गया था। उर्मिला के नौ वर्षीय बेटे सक्षम पर किसी भारी हथियार से पर हमला किया गया था। इसके बाद से मृतक उर्मिला के मायके वाले लगातार पुलिस तथा सरकार से इस मामले में दोषियों की गिरफ्तारी की जल्द से जल्द की मांग कर रहे थे।

    अब देखना है कि ट्विटर पर जारी इस अपील के बाद पुलिस को क्या कोई सूचना मिलती है, जिस पर वह आगामी कार्यवाही करेगी।

  • कसोल घूमने आए बेंगलुरु के 27 वर्षीय युवक की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

    कसोल घूमने आए बेंगलुरु के 27 वर्षीय युवक की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

    HNN / कुल्लू

    जिला कुल्लू के कसोल में बेंगलुरु एक युवक को अज्ञात लोगों ने मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को जहां युवक का शव मिला वहां से मोबाइल फोन, घड़ी और चाकू भी बरामद हुआ है। मृतक युवक की पहचान 27 वर्षीय सोनू पुत्र रवि कुमार निवासी बंगलुरु कर्नाटक के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार युवक कसोल घूमने आया हुआ था। पुलिस जाँच में पता चला है कि बीते रोज कसोल में 2 गुटों में झगड़ा हुआ था। उस झगड़े में यह युवक भी शामिल था। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि युवक की हत्या हुई है।

    पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। एसएसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि घटना की बारीकी से छानबीन की जा रही है।

  • हिमाचल की ईशानी ने फतह किया माउंट चो ओयू पीक, बनी पहली महिला

    हिमाचल की ईशानी ने फतह किया माउंट चो ओयू पीक, बनी पहली महिला

    HNN / कुल्लू

    जिला कुल्लू के पाहनाला की रहने बाली ईशानी ने लेह-लद्दाख की पीक कुन पर भी फतह हासिल की है। ईशानी सिंह जंबाल पहली भारतीय महिला बन गई हैं जिन्होंने माउंट चो ओयू पीक को फतह किया है। यह चोटी नेपाल और चीन के मध्य स्थित है।

    दक्षिण की ओर से दुनिया की छठी सबसे ऊंची व कठिन चोटी पर 7200 मीटर की ऊंचाई तक ईशानी पहुंची। माउंट चो ओयू के अत्यंत चुनौतीपूर्ण दक्षिण की ओर की अधिकतम ऊंचाई तक पहुंचने के लिए वह दुनिया भर के पर्वतारोहियों में एकमात्र महिला बन गई हैं।

  • भूकंप के झटको से फिर हिली हिमाचल की धरती, रिक्टर स्केल पर तीव्रता…

    भूकंप के झटको से फिर हिली हिमाचल की धरती, रिक्टर स्केल पर तीव्रता…

    HNN/ चंबा

    हिमाचल की धरती एक बार फिर से भूकंप के झटकों से हिल गई है। इस बार भूकंप के झटके प्रदेश के जिला चंबा में महसूस किए गए। हालांकि भूकंप के इन झटकों से किसी तरह के जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ है परंतु लगातार महसूस किए जा रहे भूकंप के झटकों से लोगों में भी दहशत का माहौल है।

    बता दें, बुधवार को चम्बा में आये इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई है, जबकि भूकंप की गहराई 5 किलोमीटर रही। भूकंप के झटकों से लोगों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। भारत सरकार पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय मौसम केंद्र शिमला की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 3.5 तीव्रता वाले इस भूकंप से नुक्सान की कोई जानकारी नहीं है।

  • Himachal Assembly Elections: हिमाचल में 639 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन, 29 अक्तूबर को…

    Himachal Assembly Elections: हिमाचल में 639 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन, 29 अक्तूबर को…

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 639 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल करवाया है। इनमें से कई उम्मीदवारों ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भी अपना नामांकन भरा है। बता दें कि बीते रोज यानी कि मंगलवार को नामांकन भरने का अंतिम दिन था।

    अंतिम दिन भी 384 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। वहीँ, 17 से 21 अक्तूबर तक 255 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। अब 27 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी और 29 अक्तूबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे। जिसके बाद हिमाचल में एक चरण में पूरे प्रदेश में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। 8 दिसंबर को चुनावी नतीजे आएंगे।