टीजीटी आर्ट्स भर्ती में 32 और उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने टीजीटी (आर्ट्स) भर्ती प्रक्रिया के तहत 32 और उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए अवसर दिया है। आयोग के अनुसार चयनित उम्मीदवारों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन एक जून को आयोजित होगी।
हमीरपुर
टीजीटी आर्ट्स भर्ती प्रक्रिया के तहत जारी किया गया नया शेड्यूल
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने पोस्ट कोड-25001 के तहत टीजीटी (आर्ट्स) भर्ती प्रक्रिया में मेरिट आधार पर 32 और उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाने का निर्णय लिया है। आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह प्रक्रिया टीजीटी (आर्ट्स) के 425 पदों को भरने के लिए संचालित की जा रही भर्ती के तहत आगे बढ़ाई जा रही है।
4 अप्रैल को घोषित किया गया था सीबीटी परीक्षा परिणाम
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि टीजीटी (आर्ट्स) भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम 4 अप्रैल को घोषित किया गया था। इसके बाद मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया था। अब पदों और उपलब्ध उम्मीदवारों की संख्या को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त 32 उम्मीदवारों को भी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का अवसर दिया जा रहा है।
एक जून को आयोग कार्यालय में होगी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इन 32 उम्मीदवारों के रोल नंबर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। इन उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन एक जून को सुबह 10 बजे आयोग के कार्यालय में शुरू होगी। आयोग ने बताया कि विस्तृत शेड्यूल अलग से वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी के माध्यम से भी सूचना भेजी जाएगी। आयोग की ओर से अलग से कॉल लेटर जारी नहीं किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को साथ लाने होंगे आवश्यक दस्तावेज
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उम्मीदवारों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, सेल्फ अटेस्टड फोटो कॉपियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड कॉपी और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग के सचिव ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवारों को दोबारा अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा।
