Traffic Diversion: जंबू खाला पुल पर खनन सामग्री वाले भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
जंबू खाला पुल से खनन सामग्री ले जाने वाले भारी वाहनों पर रोक
नाहन, 27 अगस्त। बद्रीपुर चौक से पुरुवाला कांशिपुर वाया संतोषगढ़ होकर जंबू खाला पुल से गुजरने वाले खनन सामग्री से लदे अथवा खाली भारी वाहनों की आवाजाही पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध दोनों दिशाओं में लागू रहेगा। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में राष्ट्रीय राजमार्ग-907 से होकर आवाजाही करनी होगी।
प्रशासन ने यह निर्णय उपमंडलाधिकारी पांवटा साहिब, पुलिस विभाग और लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के आधार पर लिया है। रिपोर्ट में बताया गया कि इस मार्ग से खनन ट्रकों, डंपरों, टिप्परों, मल्टी-एक्सल वाहनों और अन्य भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात बाधित होने के साथ अत्यधिक शोर, जन असुविधा और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार जंबू खाला पर बना पुल भारी लदे खनन ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही के लिए संरचनात्मक रूप से उपयुक्त नहीं है। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से पुल को नुकसान पहुंचने के साथ मानव जीवन और सार्वजनिक संपत्ति के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
आदेश में पुलिस विभाग को निर्धारित स्थानों पर बैरिकेडिंग और नाके स्थापित कर प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग को पुल के दोनों ओर अनिवार्य यातायात संकेतक, भार सीमा संबंधी बोर्ड और अग्रिम चेतावनी संकेत लगाने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।