Loading...

ऊना में 7 सितंबर को एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन, मुख्यमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Hours Ago • 1 Min Read

ऊना में चिट्टे और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के लिए 7 सितंबर को एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह करीब 10 बजे इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम से वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे और स्वयं भी इसमें शामिल होंगे। आयोजन में जिले के सरकारी और निजी स्कूलों की नौवीं से बारहवीं कक्षा तथा कॉलेजों के विद्यार्थियों की प्रमुख भागीदारी रहेगी।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को वॉकाथॉन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों के आवागमन के लिए सुव्यवस्थित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को आयोजन स्थल तक लाने, कार्यक्रम में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने और इसके बाद सुरक्षित वापसी की व्यवस्था करने को कहा। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयोजन को प्रभावी जन-जागरूकता अभियान का स्वरूप देने पर जोर दिया है।

स्टेडियम से बस स्टैंड तक रहेगा प्रस्तावित रूट

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम से शुरू होगी और बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेकर वापस स्टेडियम में संपन्न होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवाओं और उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की एंटी-चिट्टा शपथ दिलाएंगे। वह युवाओं से संवाद भी करेंगे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को चिट्टे और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशे के विरुद्ध चल रहे जन-जागरूकता प्रयासों में सहभागी बनाना है।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा

उपायुक्त ने आयोजन स्थल और प्रस्तावित रूट पर प्रतिभागियों के प्रवेश, निकासी और एकत्रीकरण की व्यवस्था के साथ यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा सुरक्षा प्रबंधों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने और आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को यातायात, पार्किंग और कानून-व्यवस्था से जुड़े जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता को व्यापक बनाने में युवाओं की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा, सहायक आयुक्त विनय मोदी, संबंधित उपमंडलों के एसडीएम, डीएसपी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके वर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोम लाल और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: