Loading...

ऊना में 7 सितंबर को मुख्यमंत्री की अगुवाई में निकलेगी एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Hours Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री की अगुवाई में 7 सितंबर को ऊना में निकलेगी ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’

ऊना/वीरेंद्र बन्याल/ हिमाचल नाऊ न्यूज।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में आगामी 7 सितंबर को ऊना में आयोजित होने वाली ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने गुरुवार को इंदिरा स्टेडियम का दौरा कर आयोजन स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, एसडीएम अभिषेक मित्तल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों के प्रवेश एवं निकासी, एकत्रण, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वॉकाथॉन में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को प्रातः करीब 10 बजे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू इंदिरा स्टेडियम ऊना से ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ वॉकाथॉन में शामिल होंगे।

प्रस्तावित रूट के अनुसार वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम से शुरू होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए पुनः इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी।

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर युवाओं एवं उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की ‘एंटी-चिट्टा शपथ’ भी दिलाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवाओं से संवाद कर उन्हें नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।

उन्होंने कहा कि वॉकाथॉन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को चिट्टे और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना को मजबूत करना है। इस अभियान के माध्यम से समाज में यह संदेश दिया जाएगा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन या सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उपायुक्त ने बताया कि वॉकाथॉन में मुख्य रूप से कक्षा नौवीं से लेकर कॉलेज के अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को शामिल किया जा रहा है। विभिन्न शिक्षण संस्थानों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर युवाओं तक पहुंच सके।

उन्होंने अधिकारियों को आयोजन स्थल एवं प्रस्तावित रूट पर यातायात प्रबंधन, पार्किंग, विद्यार्थियों के आवागमन, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थल पर हेल्थ पोस्ट स्थापित करने तथा वॉकाथॉन के दौरान एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, पुलिस विभाग द्वारा यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को एक प्रभावी जन-जागरूकता अभियान का स्वरूप दिया जाएगा, जिसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर ही एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

Related Topics: