Loading...

ऊना में बैंकों ने जून तिमाही तक 1,203.64 करोड़ रुपये के ऋण बांटे

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 35 Mins Ago • 1 Min Read

ऊना जिले के बैंकों ने जून तिमाही 2026 तक 690.40 करोड़ रुपये के निर्धारित ऋण लक्ष्य के मुकाबले 1,203.64 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए हैं। जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला स्तरीय बैंक सलाहकार समिति की बैठक में बैंकों की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल ने ऋण-जमा अनुपात में सुधार, कृषि ऋण बढ़ाने और सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

डीआरडीए हॉल में अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि जिले के बैंकों की कुल जमा राशि बढ़कर 17,120.97 करोड़ रुपये हो गई है। इसमें 10.70 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है। कुल ऋण राशि भी 16.19 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,535.56 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। जिले का ऋण-जमा अनुपात 32.33 प्रतिशत रहा, जो राष्ट्रीय लक्ष्य से कम है। एडीसी ने बैंकों और संबंधित सरकारी विभागों को इसमें सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा।

कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड पर जोर

ईशांत जसवाल ने बताया कि जिले में कृषि ऋण 1,032.36 करोड़ रुपये है, जो कुल ऋण का 18.65 प्रतिशत है। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने, कृषि यंत्रीकरण और कृषि अवसंरचना के लिए ऋण वितरण को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। खेती बचाओ अभियान के तहत बैंकों से कृषिका ऐप के माध्यम से नए किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करवाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। इसके साथ ही पात्र किसानों को लाभ पहुंचाने, डिजिटल माध्यम से ऋण सुविधाएं देने और कृषि निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सभी बचत एवं जमा खातों में नामांकन दर्ज करवाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मृतक खाताधारकों से संबंधित दावों का प्राथमिकता के आधार पर सरल और त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि पात्र परिजनों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। अतिरिक्त उपायुक्त ने बैंकों से अधिक लोगों को ऋण योजनाओं, स्वरोजगार कार्यक्रमों और सरकार प्रायोजित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय प्रयास करने को कहा।

साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूकता

अतिरिक्त उपायुक्त ने सरकार प्रायोजित योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए बैंकों से ग्राहकों को डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगातार जागरूक करने को कहा गया। इसके बाद एडीसी ने पीएनबी आरसेटी की समीक्षा बैठक भी ली। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार, मुख्य जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विजय सिंह, आरबीआई के जिला अग्रणी अधिकारी राहुल जोशी और नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक सबरीना राजवंशी सहित विभिन्न विभागों एवं बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: