ऊना में 9 से 17 अक्तूबर तक मोतियाबिंद जांच शिविर, 11 स्वास्थ्य संस्थान तय
ऊना जिले के 11 स्वास्थ्य संस्थानों में 9 से 17 अक्तूबर तक मोतियाबिंद की जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना के संयुक्त तत्वावधान में लगने वाले इन शिविरों का उद्देश्य प्रभावित लोगों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाना है। जांच में ऑपरेशन के लिए पात्र पाए गए मरीजों का जिला अस्पताल ऊना में निःशुल्क उपचार किया जाएगा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने बताया कि 9 अक्तूबर को सीएचसी दौलतपुर चौक, 13 अक्तूबर को सीएच हरोली और सीएच बंगाणा, 14 अक्तूबर को सीएचसी धुसाडा और सीएचसी थानाकलां में शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद 15 अक्तूबर को सीएचसी कुंगडत और सीएच चिंतपूर्णी, 16 अक्तूबर को जिला अस्पताल ऊना और सीएच अम्ब तथा 17 अक्तूबर को सीएच गगरेट एवं सीएचसी बसदेहड़ा में मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी।
शिविरों के दौरान चिकित्सक मरीजों की आंखों की जांच करेंगे और मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए पात्र पाए जाने वाले लोगों की सूची तैयार की जाएगी। चयनित मरीजों का जिला अस्पताल ऊना में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन करवाया जाएगा। सरकार की ओर से मरीजों को आने-जाने के लिए किराए की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही जांच शिविरों में पहुंचने वाले मरीजों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की जाएगी।