दीपावली पर पटाखा बिक्री के लिए ऊना उपमंडल में तीन स्थल तय, प्रशासन ने जारी किए निर्देश
दीपावली के मद्देनजर ऊना उपमंडल में पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित तीन स्थानों पर की जा सकेगी। एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने विक्रेताओं को अधिकृत स्थलों पर ही पटाखे बेचने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। आम लोगों से भी पटाखों की खरीद निर्धारित बिक्री स्थलों से करने की अपील की गई है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने 31 अक्तूबर को बताया कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऊना, मैहतपुर-बसदेहड़ा और संतोषगढ़ में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। नगर निगम ऊना के अंतर्गत रामलीला मैदान, नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा के कार्यालय परिसर स्थित मैदान और नगर परिषद संतोषगढ़ के रामलीला मैदान में पटाखे बेचे जा सकेंगे।
सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील
प्रशासन ने पटाखा विक्रेताओं से कहा है कि वे निर्धारित स्थलों पर ही बिक्री करें और जारी दिशा-निर्देशों के साथ सभी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित बनाएं। एसडीएम ने लोगों से भी केवल निर्धारित एवं अधिकृत बिक्री स्थलों से पटाखे खरीदने का आग्रह किया है। उन्होंने प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने की अपील की है।