Loading...

ऊना में कानूनी अधिकारों से लेकर नशे और साइबर अपराध तक, अभियान में दी अहम जानकारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Hours Ago • 1 Min Read

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना ने विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उच्च जोखिम समूहों एवं संवेदनशील वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। वहीं, विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों, इसकी रोकथाम तथा साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए। कार्यक्रम प्राधिकरण की सचिव शिखा लखनपाल के मार्गदर्शन में बुधवार को आयोजित किए गए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना के कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग और सनराइज एनजीओ के सहयोग से उच्च जोखिम समूहों एवं संवेदनशील वर्गों के लिए कानूनी जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। प्राधिकरण की पैनल अधिवक्ता बबीता शर्मा ने प्रतिभागियों को उनके कानूनी अधिकारों, संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा पुलिस के अधिकारों एवं दायित्वों के बारे में बताया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों के लिए उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी देने के साथ सर्वोच्च न्यायालय के बुद्धदेव कर्मस्कर बनाम पश्चिम बंगाल राज्य मामले में दिए गए फैसले के महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत करवाया।

ऊना में कानूनी अधिकारों से लेकर नशे और साइबर अपराध तक, अभियान में दी अहम जानकारी

विद्यार्थियों को बताए नशे से बचाव के उपाय

रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल, बसाल में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के नशा जागरूकता एवं स्वस्थ जीवन मार्गदर्शन पखवाड़ा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिवक्ता कुलबीर सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों, नशे की लत के शुरुआती लक्षणों तथा इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रखने में अभिभावकों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। इसके साथ ही प्रतिभागियों को साइबर धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के तरीके समझाए गए।

निःशुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठाने की अपील

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिखा लखनपाल ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को उसके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाकर न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ उठाने और नशे के साथ साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।

Related Topics: •