ल्यूमिनस फैक्ट्री के समीप मिला 43 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
ऊना जिले के अंब उपमंडल में ल्यूमिनस फैक्ट्री के समीप एक 43 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
फैक्ट्री के पास पुल के समीप मिला शव
ऊना जिले के अंब उपमंडल में ल्यूमिनस फैक्ट्री के गेट नंबर-1 के समीप पुल के पास एक व्यक्ति का शव मिलने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पश्चिम बंगाल निवासी था मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 43 वर्षीय कृष्णा उरांव निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता था और वर्तमान में बन्नेपुर क्षेत्र में रह रहा था। जानकारी के मुताबिक मृतक पाबड़ा स्थित एक स्लॉटर हाउस में कार्यरत था।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को राहगीरों ने पुल के पास एक व्यक्ति को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। काफी देर तक कोई गतिविधि नजर न आने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और व्यक्ति की स्थिति की जांच की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारी अनिल पटियाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस आसपास के क्षेत्र और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
