कुंगड़त और चड़तगढ़ में वरिष्ठ नागरिकों को बताए कानूनी अधिकार, हेल्पलाइन 15100 की दी जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में चड़तगढ़ और कुंगड़त में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की वरिष्ठ नागरिकों को विधिक सेवाएं योजना 2016 के तहत हुए इन कार्यक्रमों में बुजुर्गों को कानूनी अधिकारों, कल्याणकारी प्रावधानों, निःशुल्क विधिक सहायता और हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना था। पहला कार्यक्रम विकास खंड ऊना के वृद्धाश्रम चड़तगढ़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के उप मुख्य विधिक सहायता बचाव अधिवक्ता ने आयोजित किया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
दूसरा विधिक जागरूकता कार्यक्रम विकास खंड हरोली के कुंगड़त में जागृति इकाई ने आयोजित किया। कार्यक्रम में अधिवक्ता नीरज कुमार व अवतार कौर तथा पैरा विधिक स्वयंसेवी ने वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी प्रावधानों से अवगत कराया। उन्हें जरूरत पड़ने पर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के साथ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जागरूक किया गया।