Loading...

ऊना में तंबाकू विक्रेताओं के लिए लाइसेंस अनिवार्य, उल्लंघन पर 50 हजार तक जुर्माना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Hours Ago • 1 Min Read

ऊना जिले में तंबाकू उत्पादों के खुदरा विक्रेताओं के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने पर पहले अपराध में 50 हजार रुपये तक जुर्माने और कैद का प्रावधान है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जारी जागरूकता अभियान के दौरान लोगों और विक्रेताओं को संबंधित नियमों की जानकारी दी है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

जिले में तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण और विशेष रूप से युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए 28 अक्तूबर से 26 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले मुंह और फेफड़ों के कैंसर तथा हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने स्वास्थ्य अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों, पंचायतों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

उन्होंने बताया कि कोटपा एक्ट, 2003 और हिमाचल प्रदेश तंबाकू अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचने और शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में इनकी बिक्री पर प्रतिबंध है। तंबाकू उत्पादों का विज्ञापन, खुली सिगरेट और बीड़ी की बिक्री, हुक्का बार का संचालन तथा ई-सिगरेट का उपयोग और बिक्री भी प्रतिबंधित है।

डॉ. वर्मा के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों के खुदरा विक्रेताओं को पंचायत सचिव और शहरी क्षेत्रों में नगर निगम से लाइसेंस प्राप्त करना होगा। तंबाकू उत्पाद केवल सीलबंद पैकेट में बेचे जा सकते हैं। उन्होंने आम लोगों से तंबाकू सेवन से दूर रहने और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।