ऊना में स्कूल नोडल शिक्षकों का WIFS-NDD प्रशिक्षण 2 सितंबर को
स्कूल नोडल शिक्षकों को WIFS और NDD का प्रशिक्षण 2 सितंबर को
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग थानाकलां की ओर से स्कूल नोडल शिक्षकों के लिए WIFS (साप्ताहिक आयरन-फोलिक एसिड सप्लीमेंटेशन) एवं NDD को लेकर आधे दिन का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 सितंबर 2026 को बीएमओ कार्यालय थानाकलां के मीटिंग हॉल में होगा।
खंड चिकित्सा अधिकारी थानाकलां द्वारा जारी सूचना के अनुसार सीएच बंगाणा, पीएचसी लठियाणी और पीएचसी चमियारी के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों के नोडल शिक्षकों का प्रशिक्षण सुबह 10 बजे शुरू होगा। वहीं सीएचसी थानाकलां, पीएचसी रायपुर मैदान और पीएचसी सोहारी टकोली के अंतर्गत आने वाले सरकारी एवं निजी स्कूलों के नोडल शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान किशोरों के स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ-साथ WIFS एवं NDD के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे। इसका उद्देश्य स्कूल स्तर पर किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों से अपने-अपने संस्थानों के नोडल शिक्षकों को निर्धारित समय पर प्रशिक्षण में भेजना सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। साथ ही, संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को भी सभी सरकारी और निजी स्कूलों तक प्रशिक्षण कार्यक्रम की सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
