भाजपा में मुख्यमंत्री पद की होड़, विनय कुमार ने गुटबाजी का लगाया आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा में मुख्यमंत्री पद को लेकर नेताओं के बीच होड़ और गुटबाजी का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भीतर मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। इसके साथ ही विनय कुमार ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के दोबारा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का दावा भी किया।
शिमला
विनय कुमार ने राजीव बिंदल के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा के एक सांसद की ओर से जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री घोषित किए जाने से पार्टी की अंदरूनी स्थिति सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेता अब पार्टी के एक गुट पर हावी हैं। उनके अनुसार, भाजपा में पहले से पांच गुट सक्रिय थे और अब एक नया गुट भी सामने आ गया है, जिससे पार्टी बिखराव की ओर बढ़ रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पूर्ण बहुमत वाली कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र रचा था, लेकिन अब वह स्वयं राजनीतिक उलझनों में फंसती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पहले की तुलना में अधिक मजबूत स्थिति में है। विनय कुमार ने दावा किया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पूर्ण बहुमत हासिल कर फिर सरकार बनाएगी, जबकि भाजपा की सत्ता में वापसी की उम्मीद पूरी नहीं होगी।