कुटलैहड़ की पंचायत वोहरू पहुंचे विधायक विवेक शर्मा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों का लिया जायजा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत वोहरू में विधायक विवेक शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों पर चर्चा की तथा संबंधित मामलों के समाधान का भरोसा दिलाया।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
दौरे के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने हाल ही में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन के सहयोग से प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा किसी भी जरूरतमंद परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात
विधायक ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी सरकार और वह स्वयं पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। पंचायत वोहरू में सड़क, रास्तों, पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
विवेक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास में जनता की भागीदारी महत्वपूर्ण है और लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
