Loading...

सशक्त नारी, समृद्ध सिरमौर / पच्छाद में महिलाओं और किशोरियों को योजनाओं व मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सशक्त नारी, समृद्ध सिरमौर : महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला महिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन द्वारा विकास खंड पच्छाद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलानाघाट में एक दिवसीय महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों और छात्र-छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।

सिरमौर/पच्छाद

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य केशव दत्त ने की। उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। गर्भ में लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेटियां लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं, इसलिए उन्हें उच्च शिक्षा देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।

विभिन्न योजनाओं की दी जानकारी

जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मासिक धर्म स्वच्छता, दहेज निषेध, वन स्टॉप सेंटर, आंगनबाड़ी सह क्रेच तथा कामकाजी महिला हॉस्टल जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं और किशोरियों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

मिशन शक्ति और हेल्पलाइन सेवाओं पर हुआ संवाद

जिला समन्वयक कृतिका ठाकुर और लिंग विशेषज्ञ सोनम परमार ने मिशन शक्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि माहवारी कोई बीमारी नहीं बल्कि एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। उन्होंने स्वच्छ सैनिटरी नैपकिन के उपयोग पर बल दिया। साथ ही महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज, छेड़छाड़ अथवा अन्य समस्याओं की स्थिति में 24×7 टोल फ्री हेल्पलाइन 181 तथा आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि जिला अस्पताल नाहन स्थित वन स्टॉप सेंटर में हिंसा की शिकार महिलाओं को पुलिस, मेडिकल, कानूनी सहायता, काउंसलिंग और पांच दिन तक अस्थायी आश्रय की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती है। इसके अलावा कामकाजी माताओं के लिए आंगनबाड़ी सह क्रेच में छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों की देखभाल, भोजन और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा भी उपलब्ध है।