नोहराधार में ‘‘सशक्त नारी, समृद्ध सिरमौर’’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम, योजनाओं की दी जानकारी
नोहराधार में ‘‘सशक्त नारी, समृद्ध सिरमौर’’ विषय पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को मिशन शक्ति सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
नाहन
महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में विकास खंड संगड़ाह के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नोहराधार में ‘‘सशक्त नारी, समृद्ध सिरमौर’’ विषय पर एक दिवसीय महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संकल्प हब सिरमौर द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं, किशोरियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र चौहान ने की। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने मिशन शक्ति योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बेटा-बेटी में समानता का संदेश दिया तथा कन्या भ्रूण हत्या और गर्भ में लिंग जांच को कानूनन दंडनीय अपराध बताते हुए बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मासिक धर्म स्वच्छता, दहेज निषेध, वन स्टॉप सेंटर, आंगनबाड़ी सह क्रेच तथा कामकाजी महिला हॉस्टल जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी सहायता तंत्र के प्रति भी जागरूक किया गया।जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ तभी संभव है जब इनके बारे में लोगों तक सही जानकारी पहुंचे।
मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर आयोजित सत्र में बताया गया कि माहवारी कोई बीमारी नहीं बल्कि प्रकृति की सामान्य प्रक्रिया है। इस दौरान स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित सैनिटरी नैपकिन के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।वन स्टॉप सेंटर ‘सखी’ की जानकारी देते हुए बताया गया कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं को जिला अस्पताल नाहन स्थित केंद्र में पुलिस, चिकित्सा, कानूनी सहायता, परामर्श और अस्थायी आश्रय सहित विभिन्न सेवाएं चौबीसों घंटे निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। वहीं आंगनबाड़ी सह क्रेच के माध्यम से कामकाजी माताओं के छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों की देखभाल, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में महिलाओं को यह भी बताया गया कि घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, छेड़छाड़ अथवा अन्य किसी समस्या की स्थिति में वे महिला हेल्पलाइन 181 पर संपर्क कर सकती हैं, जबकि आपात स्थिति में 112 पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।कार्यक्रम में सुपरवाइजर विनोद कुमार, जिला समन्वयक कृतिका ठाकुर, सोनम परमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, नर्सिंग अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।