Yoga Day / राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
Yoga Day : राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस यूथ रेड क्रॉस इकाई के तत्वावधान में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी तथा वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों ने भाग लेकर योग के महत्व को समझा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में यूथ रेड क्रॉस इकाई के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, उमंग एवं सहभागिता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योग सत्र से हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है, जो व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारी सदस्यों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति एवं सामाजिक कल्याण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण प्रो० कविता कौशल, डॉ० राम कुमार नेगी, डॉ० सगुन डोगरा, प्रो० नवीन शर्मा सहित अन्य कार्यालय कर्मचारी एवं विद्यार्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस सफल आयोजन ने महाविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।