Loading...

Yoga Day / योग भारत की प्राचीन विरासत, इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाएं : बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 21 Jun 2026 • 1 Min Read

Yoga Day : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नाहन में आयोजित कार्यक्रम में योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने योग को भारत की प्राचीन विरासत बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में योग साधकों को सम्मानित भी किया गया।

नाहन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को नाहन स्थित माता कालिस्थान मंदिर परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नाहन के प्रबुद्धजन, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवी तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने देश, प्रदेश और जिला सिरमौर के लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत की हजारों वर्ष पुरानी योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों और पहल को जाता है। उनके नेतृत्व में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली और आज विश्व के 200 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि संपूर्ण जीवन को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक बनाने का माध्यम है। भारतीय शास्त्रों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि स्वस्थ शरीर ही धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। योग तनावमुक्त जीवन, स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार बन सकता है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ होगा तभी परिवार, समाज और राष्ट्र भी स्वस्थ एवं समृद्ध बन सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान योग साधना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सृष्टि अग्रवाल, रूहानिका और आराध्य ठाकुर को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। दीर्घायु योग केंद्र नाहन के संचालक योग गुरु गिरीश ने योगाभ्यास सत्र का संचालन करते हुए विभिन्न योग क्रियाओं और प्राणायाम का अभ्यास करवाया।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने का संकल्प भी लिया।

Related Topics: