Loading...

करंट की चपेट में आने से 57 वर्षीय व्यक्ति की हुई मौत

Ankita • 4 Feb 2024 • 1 Min Read

HNN/ चंबा

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के भटियात की टुंडी पंचायत में करंट की चपेट में आने से 57 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति की पहचान गगन सिंह पुत्र थोलो राम निवासी गांव बाड़ी टुंडी के रूप में हुई है। सीएचसी समोट में पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

बता दें मृतक अपने पीछे पत्नी व 2 बेटे छोड़ गया है। जानकारी के मुताबिक, गगन अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए गांव के साथ लगते जंगल में गया था। इस दौरान दोपहर बाद अपनी भेड़-बकरियों के लिए पेड़ से चारा काट रहा था कि पेड़ की टहनी 33 केवी मुख्य लाइन के संपर्क में आ गई।

गगन सिंह इसकी चपेट में आ गया और करंट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्राम पंचायत टुंडी के प्रधान पवन कुमार ने बताया कि घटना के बाद लाेग मौके पर पहुंचे लेकिन गगन सिंह बुरी तरह झुलस चुका था।