Loading...

ट्रिपल लेयर सुरक्षा सिस्टम से जुड़ेगा जटोन डैम, पहले ही मिल जाएगी आपदा की चेतावनी

Ankita • 18 Jul 2024 • 1 Min Read

गिरि नदी में जल प्रलय से अब सुरक्षा होगी और पुख्ता, जटोन डैम से छोडे़ जाने वाले पानी का मिलेगा मोबाइल अलर्ट
 

HNN/ नाहन

बीते साल जल प्रलय से प्रदेश में हुई भयंकर तबाही के बाद हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के जटोन बांध प्रबंधन द्वारा सुरक्षा को लेकर और पुख्ता प्रबंध किए जाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। डैम से छोड़े जाने वाले पानी से पहले ही नदी किनारे बसे लोगों को जल्द ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम के तहत वाइस मैसेज टावर लगाए जाने का प्रपोजल अंतिम चरण में है।

इस सिस्टम के तहत बांध से नीचे की ओर रहने वाले तमाम लोगों को टावर पर ऊंची आवाज में सुरक्षित स्थानों पर जाने का अलर्ट मैसेज दिया जाएगा। बोर्ड द्वारा फिलहाल बैराज के आसपास अलार्म भी लगाए गए हैं, जो समय समय पर विकट परिस्थितयों में लोगों को सचेत करते आ रहे हैं।

बोर्ड के कमर्शियल सेल की ओर से मोबाइल पर मैसेज भेजने भी शुरू कर दिए हैं, जिसमें डैम से नीचे की ओर मैदानी इलाकों में रहने वाली आबादी, संबंधित क्षेत्र की तहसील, थाना व चौकी सहित प्रशासन के पास पहले ही मैसेज मोबाइल के माध्यम से पहुंच जाएगा।

ये व्यवस्था शुरू की जा चुकी है। जबकि, पब्लिक एड्रेस सिस्टम के तहत मोबाइल मैसेज टावर का प्रपोजल अंतिम चरण में है। बिजली बोर्ड डैम से छोड़े जाने वाले पानी अथवा गिरि नदी के जलस्तर आदि की तमाम जानकारी जिला के डिजास्टर मैनेजमेंट को भी समय समय पर दे रहा है। बता दें कि जटोन बांध गिरि पावर हाउस में तैयार होने वाली बिजली के लिए बनाया गया है, जो 70 के दशक की विद्युत परियोजना है।

इस जटोन बांध का शिलान्यास पूर्व में रही प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने किया था। ये वही गिरि नदी है, जिस पर श्री रेणुकाजी बांध परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो साल पहले कर चुके हैं। यही बड़ी वजह है कि इस नदी पर बनने वाले दूसरे बड़े बांध से पहले ही राज्य विद्युत बोर्ड की ओर से नागरिक सुरक्षा को लेकर इंतजाम किए जा रहे हैं।

उधर, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद के अधीक्षण अभियंता (जेनरेशन) आरएस ठाकुर ने बताया कि जल्द ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम के तहत वायस मैसेज टावर नदी के बेसिन पर लगाए जाएंगे, जिससे लोगों की सुरक्षा और पुख्ता होगी। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में भी मोबाइल पर मैजेस से लोगों को बांध से पानी छोड़े जाने की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ साथ मोबाइल वैन भी लोगों को अलर्ट कर रही है।