नहाते हुए नदी में डूबा 25 वर्षीय अग्निवीर, गई जान
HNN/ ऊना
जिला ऊना में एक अग्निवीर नहाते हुए नदी में डूब गया, जिस कारण उसकी जान चली गई है। मृतक की पहचान भरत सिंह (25) पुत्र किशन चंद निवासी अपर पंजावर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक भारतीय सेना का जवान था और करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी पर घर आया था। भरत सिंह अपने भांजे के साथ नहाने के लिए स्वां नदी में गया था। नहाते समय भरत ने नदी को एक छोर से दूसरे छोर तक पार भी किया, लेकिन इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा तो बाहर बैठे उसके भांजे ने शोर मचाया।
जब तक लोगों को पता चला, भरत गहरे पानी में डूब चुका था। भरत सिंह चार बहनों का अकेला भाई था। करीब पांच साल पहले ही भारतीय सेना में सेवाएं हासिल करने में सफल हुआ। इस घटना के बाद पूरे पंजावर गांव सहित हरोली क्षेत्र में शोक की लहर है।