पूर्व प्रधान बाबूराम बोले विधायक की प्राथमिकता में है बाई पास के लिए पक्की सड़क का निर्माण
HNN/नाहन
लगातार हो रही बारिश के चलते बनोग धारक्यारी बाई पास अल्टरनेट मार्ग फिर से बंद हो गया है। जहां बीते कल बंद होने से लोगों ने खुद ही श्रमदान कर खोल दिया था उस पर फिर से भारी भरकम पेड़ और मलवा आ गिरा है।सडक के बंद हो जाने के कारण गाँव के लगभग सौ से अधिक परिवारों का फिर से शहर से संपर्क सुबह ग्यारह बजे तक टूटा रहा। सड़क पर छोटे बड़े सभी तरह के वाहनों की आवाजाही रुकी रही।
नाहन पंचायत के पूर्व प्रधान बाबूराम ने इसकी तत्काल सूचना लोकसंपर्क विभाग को दी।
सोमवार की सुबह करीब ग्यारह बजे के आसपास लोक संपर्क विभाग के द्वारा मौके पर जेसीबी मशीन भेजी गई।स्थानीय लोगों के सहयोग से लोक निर्माण विभाग के द्वारा सड़क को फिर से वाहनों के आने जाने योग्य किया गया। पूर्व प्रधान बाबू राम ने बताया कि उनके द्वारा विधायक अजय सोलंकी से इस सड़क को मेटल किए जाने के लिए निवेदन किया गया था।
पूर्व प्रधान बाबू राम ने बताया कि विधायक अजय सोलंकी के द्वारा उनका निवेदन स्वीकार किया गया था। लिहाजा जब मुख्यमंत्री सिरमौर आए थे तो उन्होंने बाईपास धार क्यारी रोड के लिए नौ करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति दी थी। पूर्व प्रधान ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस सड़क को पक्का किए जाने को लेकर विधायक के द्वारा अपनी प्राथमिकता में शामिल किया गया है। पूर्व प्रधान ने कहा कि फिलहाल लोक निर्माण विभाग के द्वारा इस सड़क को खुलवा दिया गया है। उन्होंने कहा जल्द ही दिसंबर माह तक इस सड़क को पक्का किए जाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।