मंडी नगर निगम गृह कर की दरों में बढ़ोतरी की तैयारी में

By NEHA Published: 20 Oct 2024, 2:31 PM | Updated: 20 Oct 2024, 2:31 PM 1 min read

HNN/मंडी

मंडी नगर निगम गृह कर की दरों में बढ़ोतरी की तैयारी में है। शनिवार को हुई निगम की हाउस बैठक में इस संबंध में फैसले लिए गए हैं। नगर निगम कार्यालय में शनिवार को महापौर वीरेंद्र भट्ट और आयुक्त एचएस राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मौजूदा गृह कर की दरों को अन्य नगर निगम क्षेत्रों की तर्ज पर तर्कसंगत करने पर चर्चा की गई।

महापौर ने कहा कि अन्य नगर निगमों में गृह कर को लेकर कई कानून बने हैं। उनका अध्ययन किया करने पर सामने आया है कि नगर निगम मंडी में वर्ष 2016 से जो गृह कर की दरें हैं, वे कम हैं। ऐसे में अब नगर निगम मंडी भी अन्य नगर निगमों के बराबर गृहकर वसूलेगा। गृह कर में मामूली बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है।

बैठक में निगम के क्षेत्र में शामिल नए क्षेत्रों और जिनके वार्ड का नाम बदला गया है, उन सभी के घरों में पता पटिकाएं (नंबर प्लेट) लगाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि निगम कूड़े पर सालाना 3 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है, जबकि आय 70 लाख की हो रही है। बैठक में निर्णय लिया कि नगर निगम जल्द आंगनबाड़ी वर्करों की सहायता से हर घर का सर्वे करवाएगा।