Loading...

राजगढ़ मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने जमाया रंग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / रराजगढ़

पहाड़ी नाटियों पर देर रात तक झूमते रहे दर्शक

राजगढ़

जिला स्तरीय श्री शिरगुल देवता बैसाखी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम में स्थानीय और बाहरी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया और दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

सांस्कृतिक संध्या में हिमांशी तंवर, सुरेश शर्मा, प्रदीप शर्मा, किशन वर्मा और भारती शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक हिंदी व पहाड़ी नाटियां प्रस्तुत कीं। किशन वर्मा की पहाड़ी प्रस्तुतियों पर पांडाल में मौजूद दर्शक थिरकते नजर आए।

कार्यक्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि एसडीएम पच्छाद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह, शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया।

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहा। भारती शर्मा ने अपने गीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, वहीं विक्की राजटा और हिमांशी तंवर की प्रस्तुतियों को भी खूब सराहना मिली।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में ठियोग के सुरेश शर्मा ने पहाड़ी नाटियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा पांडाल झूम उठा। उनकी प्रस्तुति ने पहली सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।

मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या शांतिपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।