मकान पर गिरी आसमानी बिजली, लाखों रुपए का नुक्सान
HNN/ चंबा
जिला चंबा के तहत कोटला गांव में एक मकान पर आसमानी बिजली गिरने से परिवार को लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। इसके साथ ही वहां नजदीक काम कर रही महिला भी बेसुध हो गई, जिसका उपचार करवाया गया है। हालाँकि गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, पंचायत सलूणी के गांव कोटला में पुन्नू पुत्र बर्फी राम के मिट्टी नुमा मकान पर आसमानी बिजली गिर गई। बता दें बिजली गिरने से मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। राहत की बात यह है घटना के समय घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
पंचायत प्रधान मान सिंह ने बताया कि पुन्नू राम गरीब परिवार से संबंध रखता है और नए सिरे से मकान बनाने में असमर्थ है। उधर, नायब तहसीलदार सलूणी करतार चंद ने कहा कि सूचना मिलते ही क्षेत्र के पटवारी को मौके का जायजा लेकर रिपोर्ट कार्यालय में शीघ्र भेजने के निर्देश जारी किए हैं।