वन विभाग ने 3 ट्रैैक्टर संचालकों से वसूला 56,080 रुपए का जुर्माना
HNN/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत वन विभाग की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्यवाही करते हुए तीन ट्रैक्टर संचालकों से 56,080 रूपए का जुर्माना वसूला है। पहले मामले में वन परिक्षेत्र भंगानी काकूराम चौहान के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने गिरी की गश्त के दौरान नदी से 2 ट्रैक्टर अवैध रूप से गटका भरते हुए पकड़े।

इस पर वन विभाग ने दोनों ट्रैक्टर संचालकों पर नियमों के तहत कार्यवाही करते हुए 41,080 रूपए का जुर्माना वसूल किया। एक अन्य मामले में विभाग की संयुक्त टीम ने ग्रुप पैट्रोलिंग के दौरान रामपुरघाट क्षेत्र के अंतर्गत गिरि नदी में ट्रैक्टर की अनधिकृत पहुंच पाई। टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और 15000 रूपए का जुर्माना वसूल कर उक्त ट्रैक्टर को रिलीज किया गया।
ग्रुप पैट्रोलिंग टीम में डिप्टी रेंजर इंद्र सिंह, वन रक्षक प्रताप सिंह, रमेष कुमार व प्रेमपाल सिंह शामिल रहे। उधर, वन मंडल पांवटा साहिब के डीएफओ ऐष्वर्य राज ने पुष्टि करते हुए बताया कि दो अलग-अलग मामलों में तीन ट्रैक्टर संचालकों से कुल 56080 रूपए का जुर्माना वसूल किया गया है।