अज्ञात बाइक चालक ने प्रवासी बच्ची को मारी टक्कर, पीजीआई रेफर
HNN/सोलन
जिला सोलन के नालागढ़-दभोटा मार्ग पर सल्लेवाल में एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां एक बाइक चालक ने प्रवासी बच्ची को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में बच्ची घायल हुई है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घायल की पहचान रानी निवासी लखीमपुर खेरी यूपी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानी अपने चाचा अभिषेक के साथ सल्लेवाल बाजार में थी। इस दौरान एक बाइक सवार आया और रानी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं हादसे में रानी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद उसके चाचा उसे उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल में ले गए।
जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद रानी को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। डीएसपी प्रियंक गुप्ता द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।